जैसलमेर , अक्टूबर 18 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को पाकिस्तान को लेकर दिए अपने बयान पर ईमानदारी से माफी मांग कर खेद प्रकट करना चाहिए।
श्री गहलोत ने रविवार को यहां मीडिया से बातचीत में श्री राठौड़ के पाकिस्तान को लेकर दिए बयान के सवाल पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि वह मीडिया के सामने जितनी सफाई दे रहे हैं, उतना ही खुद फंसते जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भले ही उनके बयान का संदर्भ या भावना कुछ और रही हो लेकिन पाकिस्तान का नाम आते ही लोगों को पुलवामा और जम्मू-कश्मीर की अन्य घटनाएं याद आ जाती हैं। भारत में पाकिस्तान का एक काला अध्याय रहा है, जिसमें कई हत्याएं हुई हैं; लोग उसे कैसे भूल सकते हैं। उनके बयान से जनता में भारी आक्रोश है।
उन्होंने कहा कि कल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर हर जिले में बड़े स्तर पर आंदोलन हुए। जब तक श्री राठौड़ स्पष्ट रूप से माफी मांगकर जनता को नहीं समझाते, भाजपा इस जनाक्रोश को नहीं रोक पाएगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 'विदेशी टूलकिट गैंग' का मोहरा बताने के सवाल पर श्री गहलोत ने कहा " यह इनके बहुत हल्के बयान हैं और श्री नवीन तो अभी नए-नए हैं, उनका क्या जवाब दिया जाये लेकिन जब ये लोग विपक्ष में थे, तब अन्ना हजारे, लोकपाल, रामदेवजी के काले धन के मुद्दे, 2जी स्पेक्ट्रम और कोलगेट जैसे मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरते थे। हमारे केंद्रीय मंत्री तक जेल गए। इन्होंने क्या-क्या नहीं किया। लेकिन बाद में क्या हुआ, सब निर्दोष साबित हुए। ना काला धन आया, ना खातों में 15 लाख रुपये आए, और ना ही आज कोई लोकपाल की बात करता है।"उन्होंने कहा कि आज जो आंदोलन इंडिया गठबंधन और हमारी युवा पीढ़ी (जेन-जी) कर रही है, वैसे ही बड़े आंदोलन इन्होंने भी किए थे। तब हमने तो कभी नहीं कहा था कि तुम विदेशी ताकतों के इशारे पर ये सब कर रहे हो। आज ये जो आरोप लगा रहे हैं, वे पूरी तरह से राजनैतिक आरोप हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित