जयपुर , मई 24 -- राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) के तत्वावधान में आरसीए की प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय सीनियर कोल्विन शील्ड टूर्नामेंट का जयपुर और जोधपुर में सोमवार से शुभारंभ होगा।

आरसीए एडहॉक कमेटी संयोजक डॉ मोहित जसवंत यादव के अनुसार जयपुर में इलीट ग्रुप ए एवं जोधपुर में प्लेट ग्रुप ए के मैचों का शुभारम्भ होगा। जयपुर में इलीट ग्रुप ए के मैच भीलवाड़ा और जयपुर ( जीआर ग्राउंड ), सीकर और राजसमंद ( अनंतम ग्राउंड ) , हनुमानगढ़ और झालावाड़ ( टेलर ग्राउंड ) पर होंगे।

डॉ यादव ने बताया कि जोधपुर में प्लेट ग्रुप ए के मैच चित्तौड़गढ़ और अलवर के बीच ( एंजेल ग्राउंड ), टोंक और बाड़मेर के बीच ( रिपब्लिक ग्राउंड ), चूरू और जोधपुर के बीच (स्पार्टन ग्राउंड) पर होंगे।

आरसीए एडहॉक कमेटी सदस्य अरिष्ट सिंघवी के अनुसार आरसीए एडहॉक कमेटी राज्य की प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय सीनियर कॉल्विन शील्ड प्रतियोगिता के आयोजन में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती है जिसके लिए कमेटी ने आरसीए कार्यालय को विशेष रूप से निर्देश दिए हैं कि सभी आयोजन स्थलों में मैच के दौरान खिलाडियों व खेल के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं को उपलब्ध कराया जाये एवं खिलड़ियों के लिए आरामदायक होटल, ट्रांसपोर्ट, स्वच्छ भोजन , पानी के गर्मी के इस मौसम में मैच के दौरान खिलाड़ियों के लिए निम्बू पानी, एलेक्ट्रोल की व्यवस्था का विशेष रूप से ध्यान रखा जाये।

इसी क्रम में मैच रेफरी के लिए आयोजित सेमिनार एवं प्रशिक्षण कक्षाएं भी सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। यह प्रशिक्षण बीसीसीआई रेफरी मीनाक्षी मंगल, आस्था माथुर एवं बीसीसीआई अंपायर गजानंद वशिष्ठ के मार्गदर्शन एवं निगरानी में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों की परीक्षा 26 मई को आयोजित होगी तथा परीक्षा परिणाम के उपरांत सफल अभ्यर्थियों को ड्यूटी पर नियुक्त किया जाएगा।

समिति सदस्य आशीष तिवाड़ी के अनुसार राज्य के युवा खिलाडियों को राज्य स्तरीयसीनियर कॉल्विन शील्ड प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अधिक एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरसीए एडहॉक द्वारा टूर्नामेंट प्रारंभ होने से पूर्व सभी मैदानों का निरीक्षण आरसीए के क्यूरेटर एवं फील्ड अधिकारियों द्वारा किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित