लखनऊ , जुलाई 29 -- लखनऊ मंडल की सीनियर महिला हैंडबॉल टीम ने अयोध्या में गत 27 से 29 जुलाई तक आयोजित राज्य सीनियर महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप में शानदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में लखनऊ मंडल को मेजबान अयोध्या के हाथों 20-12 से हार का सामना करना पड़ा। इससे पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सौम्या श्रीवास्तव की कप्तानी में खेल रही लखनऊ ने अपने अभियान की शुरुआत आजमगढ़ के खिलाफ 5-5 की बराबरी के साथ की। इसके बाद लखनऊ ने मेरठ को 9-5 से और प्रयागराज को 14-11 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल में लखनऊ ने कानपुर को 14-3 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी।

सेमीफाइनल में लखनऊ मंडल की लड़कियों ने कड़ा मुकाबला किया लेकिन अयोध्या की खिलाड़ियों ने 20-12 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। इसके साथ ही लखनऊ मंडल को चैंपियनशिप में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के महासचिव डॉ आनन्देश्वर पाण्डेय और कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय ने लखनऊ मंडल टीम को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित