जयपुर , जून 26 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने राज्य सरकार से मांग की है कि वह 'राइजिंग राजस्थान' की वास्तविक स्थिति पर 'श्वेत पत्र' जारी कर प्रदेशवासियों को बताये कि इसमें धरातल पर कितना काम हुआ है।
श्री गहलोत ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक खबर शेयर करते हुए यह मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने 'राइजिंग राजस्थान' के नाम पर सिर्फ 'इवेंट' किये हैं। उन्होंने कहा कि यहां तक कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी बड़े-बड़े दावे करवाये गये, लेकिन हकीकत यह है कि 83 प्रतिशत निवेश परियोजनाएं आज भी लंबित हैं और कई एमओयू रद्द होने की कगार पर हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का आधा कार्यकाल बीतने को है, लेकिन धरातल पर काम कोसों दूर है। हमारी मांग है कि राज्य सरकार 'राइजिंग राजस्थान' की वास्तविक स्थिति पर तुरंत श्वेत पत्र जारी करे और प्रदेशवासियों को सच बताए कि क्या 20 प्रतिशत एमओयू भी पूरे होने की स्थिति में हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित