बक्सर , जुलाई 09 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गुरुवार को कहा है कि राज्य सरकार विद्यार्थियों की मेधा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री तिवारी ने कहा कि उनका विभाग प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व नवाचार को बढ़ावा देने और शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
शिक्षा मंत्री ने आज बक्सर में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को सम्मानित किये जाने वाले इस तरह के आयोजन बिहार की शैक्षणिक प्रगति का सकारात्मक संकेत है।
श्री तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट सरस्वती विद्या निकेतन के तहत राज्य के प्रत्येक प्रखंड में मॉडल स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। इन विद्यालयों में विषय विशेषज्ञ एवं दक्ष शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालय भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में विकसित होंगे तथा अन्य विद्यालयों के लिए भी मानक स्थापित करेंगे। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐसी शिक्षा उपलब्ध कराना है, जिससे वे राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम बन सकें।
श्री तिवारी ने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित