ग्वालियर , फरवरी 25 -- मध्य प्रदेश के ग्वालियर एवं चंबल संभाग सहित प्रदेश भर में बसों का संचालन ठप करने का ऐलान किया गया है। ग्वालियर-चंबल संभाग बस ऑपरेटर यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रदेश सरकार द्वारा लागू की जा रही मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की शर्तों में बदलाव नहीं किया गया तो आगामी 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

पत्रकार वार्ता में यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि इस निर्णय के तहत ग्वालियर-चंबल संभाग की 1580 बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। यूनियन का कहना है कि सरकार की वर्तमान नीति से प्रदेश भर में 10 लाख से अधिक लोग बेरोजगार हो सकते हैं।

पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि गजट अधिसूचना में प्रदेश भर में सात कंपनियों को ठेके दिए जाने का प्रावधान है और इन्हीं निजी कंपनियों के माध्यम से बसों के परमिट जारी किए जाएंगे। सरकार की योजना संभाग स्तर पर ठेके देने की है, जिससे छोटे और मध्यम बस ऑपरेटरों का अस्तित्व संकट में पड़ जाएगा।

यूनियन के उपाध्यक्ष बलवीर सिंह तोमर ने कहा कि मुरैना, भिंड, डबरा और दतिया मार्गों पर पहले पांच से दस मिनट के अंतराल में बसें उपलब्ध रहती थीं और परिवहन विभाग द्वारा ही परमिट जारी किए जाते थे। वर्तमान में न तो बसों की फिटनेस की जा रही है और न ही परमिटों का नवीकरण, जबकि ऑपरेटर नियमित रूप से अग्रिम कर का भुगतान कर रहे हैं।

महामंत्री हरिशंकर सिंह पटेल ने दो टूक कहा कि यदि 2 मार्च से पहले सरकार ने मांगों पर निर्णय नहीं लिया तो ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी बस ऑपरेटर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे और यात्रियों को होने वाली असुविधा की पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित