जोधपुर , अगस्त 01 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने प्रदेश में अब तक कई जिलों में कम बारिश होने पर चिंता जताते हुए कहा है कि इसके मद्देनजर राज्य सरकार को समय रहते इससे उत्पन्न स्थिति से निपटने पर तुरंत ध्यान दिया जाना चाहिए।

श्री गहलोत शनिवार को यहां सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की बेहद चिंता है कि आधा मानसून बीत जाने के बाद भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश नहीं हो रही है। रिपोर्टों के मुताबिक लगभग 18 जिलों में अकाल जैसी स्थिति बन रही है। इस पर सरकार को तुरंत ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि समय रहते मनुष्यों और मवेशियों के लिए पीने के पानी, गायों के लिए चारे और आम जनता के लिए रोजगार का प्रबंधन कैसे होगा। यह बेहद महत्वपूर्ण विषय है। सरकार को इसे प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन को चाक-चौबंद करना चाहिए और राज्य स्तर पर समय पर वित्तीय स्वीकृतियां जारी करनी चाहिए, वरना आगे चलकर स्थितियां बिगड़ सकती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित