अलवर , दिसम्बर 15 -- राजस्थान में राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में सोमवार को जिला चिकित्सालय सहित जिले के नौ चिकित्सा संस्थानों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इसी दौरान जिला चिकित्सालय एवं जिले के उप जिला चिकित्सालय सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आरोग्य शिविर आयोजित हुआ। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सामान्य चिकित्सालय रक्त कोष परिसर में वन राज्यमंत्री संजय शर्मा की अगुवाई में आयोजित रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ रक्तदान किया।
इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि राज्य के यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य में दो वर्ष के दौरान सभी वर्गों के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। इस दौरान निष्पक्ष एवं बिना पेपर आउट हुए बडी संख्या में भर्ती कराने पर युवाओं में विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जन्मदिन पर युवाओं ने उनकी दीर्घायु की कामना करके बढचढकर रक्तदान किया। यह उनके कुशल नेतृत्व क्षमता का द्योतक है। इस दौरान जनप्रतिनिधिगण एवं बडी संख्या में आमजन एवं युवा मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित