चंडीगढ़ , जुलाई 07 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर पंजाब के मूंग उत्पादक किसानों से किये गये वादे से मुकरने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की खरीद एजेंसियां मूंग की खरीद नहीं कर रहीं, जिससे किसान अपनी उपज औने-पौने दामों पर निजी व्यापारियों को बेचने के लिए मजबूर हैं। सोमवार को जारी बयान में श्री बादल ने कहा कि किसान अपनी फसल बेचने के लिए मंडियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सरकारी एजेंसियों के मैदान में नहीं उतरने से उन्हें निजी खरीदारों के भरोसे छोड़ दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि किसानों को मूंग का भाव 6,500 से 7,000 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा है, जबकि केंद्र सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 8,780 रुपये प्रति क्विंटल है।

अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि यह लगातार चौथा सीजन है जब राज्य सरकार ने मूंग किसानों को निराश किया है। उनके अनुसार, वर्ष 2022 में मुख्यमंत्री ने किसानों को मूंग की खेती के लिए प्रोत्साहित करते हुए पूरी फसल एमएसपी पर खरीदने का भरोसा दिया था, लेकिन उस वर्ष सरकारी एजेंसियों ने मंडियों में आई कुल फसल का केवल लगभग एक प्रतिशत ही खरीदा। उन्होंने आरोप लगाया कि 2023 में खरीद इससे भी कम रही और 2024 से अब तक सरकारी एजेंसियों ने मूंग की कोई खरीद नहीं की।

श्री बादल ने कहा कि सरकार की उदासीनता से किसानों की आय बढ़ाने वाली और भूमि की उर्वरता में सुधार करने वाली मूंग की खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि असमय बारिश और बीमारियों के कारण इस फसल में जोखिम अधिक रहता है, इसलिए किसानों को प्रोत्साहन और सरकारी संरक्षण की जरूरत है, न कि उपेक्षा की। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल किसानों की आय बढ़ाने के लिए व्यापक योजना तैयार कर रहा है।

श्री बादल ने दावा किया कि वर्ष 2027 में अकाली दल की सरकार बनने पर मूंग की पूरी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी जाएगी और किसानों के हितों की रक्षा की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित