नयी दिल्ली , मार्च 27 -- राज्य सभा ने लोक सभा में पारित वर्ष 2026-27 से संबंधित विनियोग विधेयक और वित्त विधेयकों पर शुक्रवार को एक साथ चर्चा करने और चर्चा पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के जवाब के बाद उन्हें उसे रूप में वापस करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।

इसके साथ ही पहली अप्रैल से शुरू होने जा रहे अगले वित्त वर्ष के बजट को संसद से अनुमोदित कराने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पहली फरवरी को लोक सभा में आगामी वित्त वर्ष के लिए 53, 47,315 करोड़ रुपये के व्यय के प्रस्ताव वाला बजट प्रस्तुत किया था जिसमें कर ढांचे में कोई बड़ा बदलाव या नया कर लगाने का प्रस्ताव नहीं था।

वित्त मंत्री ने चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि डीजल और पेट्रोल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में आज ही 10-10 रुपये प्रति लीटर की कटौती के बावजूद सरकार राजकोषीय घाटे को सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 4.3 प्रतिशत के स्तर पर सीमित रखने के बजट के लक्ष्य को प्राप्त करने के प्रयत्न करने को प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित