पटना , जून 21 -- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य में महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। महिला एवं बाल विकास निगम व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश के विभिन्न जिलों में व्यापक स्तर पर योग शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

बांका, पूर्णिया, नवादा, सहरसा, वैशाली, जमुई, सीवान समेत कई जिलों में आयोजित इन कार्यक्रमों में महिलाएं, किशोरियां, धात्री माताएं, छात्राएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं, स्वयं सहायता समूह की सदस्याएं और सरकारी कर्मी बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रतिभागियों ने योग के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों पर केंद्रित सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम 'स्वस्थ आयु के लिए योग' के अनुरूप कार्यक्रमों में नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, आत्म-देखभाल और सशक्तिकरण से जुड़ी जागरूकता बढ़ाई गई।

जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान मिशन शक्ति, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, महिला सुरक्षा, माहवारी स्वच्छता, पोषण, बाल विवाह निषेध, दहेज उन्मूलन और महिला अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी, आईसीडीएस कर्मी और स्थानीय समुदाय ने इन कार्यक्रमों को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

महिला एवं बाल विकास निगम ने इस अवसर पर सभी महिलाओं, बालिकाओं एवं परिवारों से अपील की है कि वे योग को अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या में शामिल करें और स्वस्थ, जागरूक तथा सशक्त समाज के निर्माण में योगदान दें। "स्वस्थ महिला - सशक्त महिला - सशक्त बिहार" के संदेश के साथ बिहार में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 जन-उत्साह और सामूहिक भागीदारी के साथ मनाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित