पटना , जून 12 -- ाज्य में यातायात के दौरान महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखते हुए पिंक बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) अब 50 नई इलेक्ट्रिक पिंक बसों की शुरुआत करने जा रहा है। ये सभी बसें पूरी तरह एसी होंगी, जिससे सफर आरामदायक होगा। वर्तमान में राज्य में 100 पिंक बसें चल रही हैं। अब इनकी संख्या बढ़कर 150 हो जाएगी। साथ ही इन इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन से वातावरण भी दूषित नहीं होगा।

परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने हाल में सूचना भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता में भी इसकी घोषणा की थी। निगम के अनुसार, ये 50 पिंक बसे पीएम ई-बस सेवा के पहले चरण में मिलने वाली 200 इलेक्ट्रिक बसों के काफिले में शामिल होगी।

आगामी ई-पिंक बसों का परिचालन 6 प्रभाग पटना, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर, पूर्णिया और दरभंगा में किया जाएगा। ई-बसों के सुचारू संचालन के लिए सभी प्रभागों में चार्जिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। पटना में फुलवारीशरीफ और आईएसबीटी के पास चार्जिंग स्टेशन निर्माणाधीन हैं, जबकि पूर्णिया में काम पूरा हो चुका है। अन्य जिलों में भी तेजी से काम चल रहा है।

नई बसों में पूर्व की भांति ही महिलाओं की सुरक्षा और जरूरतों को विशेष रूप से ध्यान दिया गया है। इनमें सेनेटरी पैड, मेडिकल किट, सीसीटीवी कैमरे, साउंड सिस्टम, पैनिक बटन सहित कई सुविधाएं प्रमुखता से शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित