पटना , अप्रैल 11 -- बिहार सरकार की ओर से पैदल यात्रियों की सुरक्षा के उद्देश्य से राज्य के सभी 38 जिलों में अब तक 26,031 जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
यह पहल ग्रामीण सड़कों पर, विशेषकर विद्यालयों, अस्पतालों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों के समीप, सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता प्रदान करते हुए क्रियान्वित की जा रही है, जिससे आमजन के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित किया जा सके।
ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से इस दिशा में कार्रवाई करते हुए आवश्यकतानुसार विभिन्न स्थलों पर जेब्रा क्रॉसिंग के अधिष्ठापन एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य संपादित कराया जा रहा है, जिससे पैदल यात्रियों के सुरक्षित पारगमन के लिये निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।साथ ही, सड़कों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अधिष्ठापित जेब्रा क्रॉसिंग का नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे कार्यों की गुणवत्ता एवं दीर्घकालिक उपयोगिता बनी रहे।
ग्रामीण सड़कों पर भी सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उच्च गति एवं दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां जेब्रा क्रॉसिंग एवं रम्बल स्ट्रिप का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे वाहनों की गति नियंत्रित हो तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।उक्त प्रयासों के फलस्वरूप राज्य में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवागमन को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित