इंफाल , जनवरी 15 -- मणिपुर कर्मचारी चयन आयोग (एमएसएससी) के अध्यक्ष टी. रंजीत सिंह ने आश्वासन दिया है कि आयोग की भर्ती प्रक्रिया स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से आयोजित की जाएगी।
श्री सिंह ने गुरुवार को इंफाल में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यह भी आश्वासन दिया कि आयोग राज्य में समूह ग एवं घ के पदों के लिए पारदर्शी, सुरक्षित, कुशल और योग्यता-आधारित भर्ती प्रणाली सुनिश्चित करेगा।
अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने मणिपुर कर्मचारी चयन आयोग अधिनियम, 2022 की धारा 3 के तहत दो सितंबर, 2024 को कार्यभार संभाला था। चूंकि आयोग नया स्थापित हुआ है, इसलिए वर्तमान में यह सीमित जनशक्ति के साथ काम कर रहा है, इसमें प्रतिनियुक्ति पर अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन बाधाओं के बावजूद, मजबूत संस्थागत प्रणाली स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि एमएसएससी केवल ग्रुप सी और ग्रुप डी पदों के लिए भर्ती परीक्षाएं आयोजित करेगा, जबकि राजपत्रित पदों पर भर्ती का काम मणिपुर लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) द्वारा जारी रहेगा।
अध्यक्ष ने एक बड़े सुधार पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सरकार ने कंप्यूटर आधारित परीक्षण (सीबीटी) के माध्यम से परीक्षाएं आयोजित करने को मंजूरी दे दी है। मणिपुर में पहली बार पेश की जा रही सीबीटी प्रणाली का उद्देश्य मानवीय हस्तक्षेप को कम करना है, बिना किसी हेर-फेर के निष्पक्ष और सुचारू ढंग से परिक्षाओं का संचालन हो सके।
श्री सिंह ने कहा कि आयोग ने मल्टी-टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) के लगभग 10 नियमित पदों के लिए अपनी पहली भर्ती अधिसूचना जारी की है। हालांकि सरकारी नियुक्तियाँ आम तौर पर शुरुआत में अनुबंध के आधार पर की जाती हैं, लेकिन नियमित आधार पर इन नियुक्तियों के लिए राज्यपाल से विशेष अनुमोदन प्राप्त किया गया था, क्योंकि राज्य वर्तमान में राष्ट्रपति शासन के अधीन है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित