चंडीगढ़ , जून 21 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने रविवार को विभिन्न ऐप-आधारित कैब सेवा कंपनियों के चालकों के जारी प्रदर्शन में शामिल होकर उनकी मांगों का समर्थन किया। बड़ी संख्या में एकत्रित कैब चालकों ने किराया बढ़ाने और कंपनियों द्वारा वसूले जा रहे भारी कमीशन को कम करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

श्री वडिंग ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी कैब चालकों की जायज मांगों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार हुई वृद्धि के कारण कैब संचालन अब आर्थिक रूप से लाभदायक नहीं रह गया है, जिससे चालक गंभीर वित्तीय संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल कैब चालकों का मुद्दा नहीं है, बल्कि आम यात्रियों का भी है, क्योंकि यदि यह समस्या बनी रहती है तो इसका असर सीधे जनता पर पड़ेगा। श्री वडिंग ने कहा कि निजी कैब संचालकों ने लोगों को महत्वपूर्ण परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराई हैं और सरकार का दायित्व है कि उनकी समस्याओं का समाधान करे।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में भी गिग वर्कर्स, विशेषकर कैब चालकों और अन्य ऐप-आधारित कर्मचारियों के कल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार इन श्रमिकों की समस्याओं की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित