पटना , अगस्त 26 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि बिहार में उर्वरक की पर्याप्त मात्र में उपलब्ध है और सरकार किसानों को निर्धारित मूल्य पर समय से खाद उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
श्री सिन्हा ने किसानों से अपील की है कि वह उर्वरक उपलब्धता के बारे में किसी भी प्रकार की अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान नहीं दें।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उर्वरक की उपलब्धता, आवंटन एवं बिक्री की जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक लगातार निगरानी की जा रही है। जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी के माध्यम से उर्वरक वितरण व्यवस्था पर सतत नजर रखी जा रही है।
कृषि मंत्री ने कहा कि फर्टिलाइजर कंट्रोल ऑर्डर के प्रावधानों के अनुरूप उर्वरक वितरण व्यवस्था को और अधिक सुचारू एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत थोक विक्रेताओं को खुदरा विक्रेता के रूप में तथा खुदरा विक्रेताओं को थोक विक्रेता के रूप में कार्य करने की अनुमति प्रदान करने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इससे किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी और वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।
श्री सिन्हा ने किसानों से अपील की कि उर्वरक से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत होने पर वे अपने जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी अथवा प्रखंड कृषि पदाधिकारी से संपर्क करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित