प्रतापगढ़़ , जून 16 -- उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा 17 जून से दो दिवसीय दौरे पर प्रतापगढ़ आएंगी। वह अपने प्रवास के दौरान महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों में सहभागिता करने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं, जनसुनवाई व्यवस्था और कारागार की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगी।

सुश्री कुशवाहा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 जून को सुबह 10 बजे वह रानीगंज गेस्ट हाउस पहुंचेंगी। इसके उपरांत 10.45 बजे गौरा हॉस्पिटल का निरीक्षण करेंगी। इसके बाद पूर्वान्ह 11.45 बजे गौरा ब्लॉक में आयोजित जनसुनवाई एवं चौपाल कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्रीय महिलाओं और आमजन की समस्याएं सुनेंगी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगी।

जिला सूचना विभाग द्वारा मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार भ्रमण के दूसरे दिन 18 जून को महिला आयोग सदस्य पूर्वाह्न 11 बजे महिला मेडिकल कॉलेज में आयोजित कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर नवजात बालिकाओं के सम्मान और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों को बढ़ावा देने का संदेश देंगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे जिला कारागार का निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण एवं समीक्षा कार्यक्रमों के पश्चात वह दोपहर 1.15 बजे गेस्ट हाउस पहुंचेंगी और वहां से कौशांबी के लिए प्रस्थान करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित