पटना , फरवरी 16 -- बिहार के 15.12 लाख से अधिक परीक्षार्थियों के लिये बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की वार्षिक मैट्रिक परीक्षा मंगलवार, 17 फरवरी से राज्यभर के 1,699 परीक्षा केंद्रों पर प्रारंभ हो रही है।

परीक्षा को निष्पक्ष, स्वच्छ और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक और सख्त व्यवस्थायें की गई हैं।

इस वर्ष कुल 15,12,687 परीक्षार्थियों ने परीक्षा फार्म भरा है, जिनमें 7,85,726 छात्रायें और 7,26,961 छात्र शामिल हैं। पहले दिन दोनों पालियों में मातृभाषा (हिन्दी, बंगला, उर्दू एवं मैथिली) विषय की परीक्षा आयोजित की जायेगी।

प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 09:30 बजे से 12:45 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 02:00 बजे से 05:15 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में प्रश्नपत्र पढ़ने और समझने के लिये 15 मिनट का अतिरिक्त प्रारंभिक समय दिया जायेगा।

परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिये सभी केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किये गये हैं। इसके तहत दो स्तर पर फ्रिस्किंग, तीन स्तर पर मजिस्ट्रेट की तैनाती, परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पूर्व मुख्य द्वार बंद, सभी केंद्रों पर सीसीटीवी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था, किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध, परीक्षा केंद्र के 200 मीटर की परिधि में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित और पदाधिकारी, शिक्षक, कर्मी और पुलिस बल को भी परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं रहेगी।

समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने सभी जिलों के जिला पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया है कि परीक्षा संचालन से संबंधित सभी निर्देशों का कड़ाई, पारदर्शिता और तत्परता के साथ अनुपालन सुनिश्चित करें। जिला स्तर के वरीय अधिकारी परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर मॉनिटरिंग करेंगे।

स्पॉस्टिक, दृष्टिबाधित और ऐसे दिव्यांग परीक्षार्थी जो स्वयं लिखने में असमर्थ हैं, उन्हें पूर्व की भांति लेखक (स्क्राइब) रखने की अनुमति दी गई है। साथ ही उन्हें प्रत्येक घंटे के लिये 20 मिनट का अतिरिक्त समय प्रदान किया जायेगा।

समिति ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उद्देश्य है कि राज्य के लाखों विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रहे और परीक्षा शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हो।

परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम- से- कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंच जायें, क्योंकि निर्धारित समय के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित