पटना , अक्टूबर 31 -- िहार सरकार राज्य के युवाओं को डिजिटल कौशल और रोजगार परक प्रशिक्षण देने के लिए कुशल युवा कार्यक्रम (डिजिटल मित्र) शुरू करने जा रही है। सात निश्चय- 3 के निश्चय-1 'दोगुना रोजगार-दोगुना आय' के तहत इस कार्यक्रम को मंजूरी दी गई है। बिहार कौशल विकास मिशन के माध्यम से राज्य के 1, 609 प्रशिक्षण केंद्रों पर इसे संचालित करने का लक्ष्य है। कार्यक्रम संचालन के लिए पहले से कुशल युवा कार्यक्रम चला रहे केंद्र संचालकों से आवेदन मांगे गए थे। छह अक्टूबर तक 680 केंद्र संचालकों ने आवेदन जमा किया हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर 29 अक्टूबर से पांच नवंबर तक पटना स्थित बिहार कौशल विकास मिशन कार्यालय में केंद्र संचालकों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) की प्रक्रिया निर्धारित की गई है।

इस योजना के तहत कुल 270 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें डिजिटल एवं कंप्यूटर कौशल के साथ व्यवहार कौशल, अंग्रेजी, रोजगार तत्परता और ऑन जॉब ट्रेनिंग शामिल है। कार्यक्रम के तहत 15 से 28 वर्ष के युवाओं को प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। विशेष वर्गों के लिए आयु सीमा में छूट का प्रावधान भी है। सरकार का उद्देश्य युवाओं की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार करना है। इससे राज्य में डिजिटल कौशल प्रशिक्षण की पहुंच भी व्यापक होगी। पाठ्यक्रम राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा (एनएसक्यूएफ) के अनुरूप है और भारत सरकार से मान्यता प्राप्त है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित