पटना , मई 13 -- सबका सम्मान, जीवन आसान" अभियान के तहत बिहार सरकार ने पंचायत स्तर पर "सहयोग शिविर" लगाकर जन-समस्याओं का ऑन स्पॉट समाधान करने फैसला लिया है। इस सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, जिससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ें। इस शिविर में आम लोगों को पंचायत स्तर पर ही सभी प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। "सहयोग शिविर" बिहार सरकार की एक ग्रासरूट गवर्नेंस पहल है, जिसका लक्ष्य है सरकार को जनता के दरवाजे तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का तेज़ एवं पारदर्शी समाधान करना। इसके अलावा इस शिविर का उद्देश्य है जनता का विश्वास प्रशासनिक व्यवस्था में बढ़ाया जाए।

सहयोग शिविर के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें अबतक प्राप्त प्रतिवेदनों एवं शिकायतों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न जिलों से प्राप्त आवेदनों, उनके निष्पादन की प्रगति तथा लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। सहयोग शिविर के आयोजन के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को नोडल समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सहयोग शिविर का एक मुख्य उद्देश्य सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना भी है, जिससे सरकारी सेवाओं को आमलोगों तक पहुंचाया जा सके। इस सहयोग शिविर का आयोजन राज्य के सभी पंचायतों में लगाया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोग आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। इस शिविर का आयोजन हर महीने दो बार किया जाएगा। जिसके लिए महीने के पहले मंगलवार और तीसरे मंगलवार का दिन निर्धारित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित