दरभंगा, मार्च 07 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के अध्यक्ष संजय सरावगी ने शनिवार को कहा कि राज्य की सरकार लगातार सनातन धर्म और सनातन संस्कृति को बढ़ाने का काम कर रही है। मिथिला की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से आज मां श्यामा मंदिर परिसर में पहली बार आयोजित माँ श्यामा महोत्सव 2026 का भव्य उद्घाटन करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए माँ श्यामा मंदिर न्यास समिति के संरक्षक एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नगर विधायक संजय सरावगी ने अपने संबोधन में कहा कि श्यामा माई मंदिर मिथिला ही नहीं बल्कि पूरे देश और विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएँ पूर्ण होती हैं। उन्होंने बताया कि कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा माँ श्यामा महोत्सव के आयोजन को स्वीकृति प्रदान की गई है और अब यह महोत्सव प्रत्येक वर्ष भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।

श्री सरावगी ने कहा कि मिथिला की धरती सदैव से ही संस्कृति, अध्यात्म और ज्ञान की भूमि रही है। माँ श्यामा माई मंदिर मिथिला की शक्ति और आस्था का प्रतीक है। इस मंदिर का निर्माण दरभंगा राज परिवार के महान शासक महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह द्वारा कराया गया था। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार सनातन धर्म और सनातन संस्कृति को बढ़ाने का काम कर रही है उन्होंने कहा कि अहिल्या स्थान हो मिथिला का बाबा धाम कुशेश्वर स्थान हो श्याम धाम परिसर हो या बगल में पुनौरा धाम हो सभी जगह का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में बने राम मंदिर के बाद अब 940 करोड रुपए की लागत से पुनौरा धाम में भी जगत जननी मां सीता का मंदिर बनाया जा रहा है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्यामा माई महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि मिथिला की संस्कृति, एकता और सामाजिक समरसता का भी उत्सव है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं, नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से परिचित कराते हैं तथा हमारी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

श्री सरावगी ने कहा कि हम सभी का यह दायित्व है कि इस महान आस्था केंद्र की गरिमा को बनाए रखते हुए इसकी समृद्ध परंपरा को और अधिक सशक्त बनाए।

उन्होंने आम लोगों से सनातन धर्म और सनातन संस्कृति की रक्षा एवं विकास के लिए आगे आने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित