पटना , जून 12 -- च्च शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को राज्य के सभी 13 परंपरागत विश्वविद्यालयों के लिए तीन माह का वेतन, पेंशन और सेवांत लाभ की राशि 999.84 करोड़ रुपये जारी कर दी। इस राशि से सभी विश्वविद्यालयों में कार्यरत, सेवानिवृत शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मियों के मार्च माह से लेकर मई 2026 तक का वेतन, पेंशन और सेवांत लाभ का भुगतान किया जाएगा।

इस संबंध में उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. एनके अग्रवाल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्थापना एवं प्रतिबद्ध व्यय के अंतर्गत राज्य के सभी परंपरागत विश्वविद्यालयों, अधीनस्थ अंगीभूत महाविद्यालयों तथा अल्पसंख्यक और घाटानुदानित महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों तथा शिक्षकेत्तर कर्मियों के वेतन और सेवांत लाभ के भुगतान हेतु वेतनादि/ गैरवेतनादि मद में भुगतान के लिए 999.84 करोड़ रूपये जारी किया गया है। इसमें पटना विश्वविद्यालय के लिए 67.08 करोड़, मगध विश्वविद्यालय के लिए 147.28 करोड़, बीआरए विश्वविद्यालय को 146.09 करोड़, जय प्रकाश विश्वविद्यालय को 72.96 करोड़, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय को 68.14 करोड़, बीएन मंडल विश्वविद्यालय को 71.3 करोड़, तिलका मांझी विश्वविद्यालय को 93.29 करोड़, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को 144.09 करोड़, केएसडीएस विश्वविद्यालय को 32.59 करोड़, मौलाना मजहरूल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय को 2.08 करोड़, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय को 101.34 करोड़, पूर्णियां विश्वविद्यालय को 33.31 करोड़, और मुंगेर विश्वविद्यालय को 20.29 करोड़ रुपये जारी किया गया है।

उच्च शिक्षा निदेशक ने बताया कि मार्च से मई 2026 के लिए वेतन मद में 419.05 करोड़ तथा सेवांत लाभ के लिये गैर वेतननादि मद में 580.79 करोड़ की राशि विमुक्त की गई है। गैर वेतनादि मद की राशि से उक्त अवधि में विश्वविद्यालय से सेवानिवृत कर्मियों के पेंशन भुगतान के साथ-साथ इस अवधि में अन्य देय पावनाओं यथा उपादान, अर्जितावकाश नकदीकरण, चिकित्सा भत्ता इत्यादि का भुगतान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित