पटना , जुलाई 16 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को सात स्वैच्छिक संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
श्री तिवारी ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य पहली से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की सीखने की गुणवत्ता में सुधार, शिक्षकों को सहयोग तथा विद्यालयों की समीक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाना है।
शास्त्रीनगर स्थित राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, स्थानीय विधायक संजीव चौरसिया व शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
मंत्री ने कहा कि जिन संस्थाओं के साथ समझौता हुआ है उनमें वाधवानी एआई, खान एकेडमी इंडिया, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, एकस्टेप फाउंडेशन, पीआई जैम फाउंडेशन, मंत्रा फॉर चेंज और शिक्षालोकम फाउंडेशन शामिल हैं। ये सभी संस्थाएं एआई और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों के समग्र विकास में सहयोग करेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित