, May 4 -- चंडीगढ़, 04 मई ( वार्ता ) पंजाब मंडी बोर्ड के अध्यक्ष हरचंद सिंह बरसट ने सोमवार को कहा कि राज्य की मंडियों में अब तक 120.18 लाख टन गेहूं की आमद हुई है, जिसमें से 119.12 लाख टन गेहूं की खरीद हो चुकी है।
श्री बरसट ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण पंजाब की मंडियों में फसल के अंबार लगे हुए हैं । केंद्र सरकार के सौतेले व्यवहार के कारण ही पंजाब की मंडियों से गेहूं के उठान को लेकर समस्याएं पेश आ रही हैं। पंजाब के सभी गोदाम और शैलर अनाज से भरे हुए हैं, जिन्हें केंद्र सरकार द्वारा शिफ्ट करने में देरी की जा रही है। मंडी बोर्ड की ओर से गेहूं की खरीद करवाने के लिए कुल 1896 मंडियां घोषित की गई हैं, जिसमें 153 मुख्य यार्ड, 288 सब-यार्ड और 1455 खरीद केंद्र आते हैं। इसके साथ ही गेहूं की फसल की आमद को ध्यान में रखते हुए 986 अस्थायी मंडियां भी घोषित की हैं। उन्होंने बताया कि अब तक मंडियों में 120.18 लाख टन गेहूं की आमद हो चुकी है और 119.12 लाख टन गेहूं की खरीद हो चुकी है, जिसमें से 68.81 लाख टन गेहूं की लिफ्टिंग हो चुकी है। किसानों को लगभग 27343.09 करोड़ रुपये की अदायगी उनके बैंक खातों में किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि सरकारी एजेंसियों द्वारा 117.75 लाख टन गेहूं की खरीद की गई है, जिसके तहत पनग्रेन द्वारा 38,51,335 टन, एफ.सी.आई. द्वारा 2,37,447 टन, मार्कफेड द्वारा 30,33,077 टन, पनसप द्वारा 27,44,949 टन और वेयर हाउस द्वारा 19,07,852 टन गेहूं की खरीद की गई है। इसके साथ ही प्राइवेट स्तर पर 1,37,328 टन गेहूं की खरीद हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित