चम्पावत , सितम्बर 23 -- उत्तराखंड के चंपावत में जिला प्रशासन राज्य आंदोलनकारियों के साथ बैठक आयोजित कर जिले के विकास को लेकर सुझाव आमंत्रित करेगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि गुरुवार को जिले के चिह्नित राज्य आंदोलनकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के अध्यक्ष हुकम सिंह कुँवर करेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि बैठक में राज्य आंदोलनकारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही जिले के विकास को लेकर भी सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करते हुए उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप जनपद में विकास और दिशा तय करने के संबंध में विस्तृत मंत्रणा की जाएगी।

जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि राज्य आंदोलनकारियों से संबंधित शासनादेश पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्यवाही की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित