रायपुर , अक्टूबर 28 -- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दो नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम एयर शो प्रस्तुत करेगी।
पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के जरिए वायुसेना के पायलट सामूहिक उड़ान, आकर्षक हवाई संरचनाओं और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बुधवार को राजधानी स्थित उनके निवास कार्यालय में सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। मुख्यमंत्री ने राज्योत्सव में सारंग टीम की भागीदारी को छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय वायुसेना का साहस, अनुशासन और तकनीकी दक्षता देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सारंग टीम का प्रदर्शन विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने के साथ उन्हें रक्षा एवं विमानन क्षेत्र में भविष्य बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी तकनीक से विकसित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) ध्रुव के माध्यम से होने वाला यह प्रदर्शन रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता और तकनीकी सामर्थ्य को भी प्रदर्शित करेगा।
सारंग टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में दो महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने महिला पायलटों की सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां छत्तीसगढ़ की बेटियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने की प्रेरणा देंगी।
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने बताया कि सारंग टीम देश और विदेश में अपने हवाई प्रदर्शनों के माध्यम से भारतीय वायुसेना की पेशेवर दक्षता का परिचय देती रही है। उन्होंने कहा कि विश्व में हेलीकॉप्टरों के जरिए इस प्रकार के एयरोबैटिक प्रदर्शन करने वाली चुनिंदा तीन टीमों में सारंग भी शामिल है।
उन्होंने बताया कि पांच हेलीकॉप्टरों के साथ अत्यंत नजदीकी सामूहिक उड़ान और निर्धारित संरचनाओं में सटीक संचालन के लिए पायलटों के बीच उच्चस्तरीय तालमेल, निरंतर अभ्यास और तकनीकी दक्षता आवश्यक होती है। सारंग टीम के हेलीकॉप्टरों का रंग संयोजन और डिजाइन राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है।
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित यह एयर शो प्रदेशवासियों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा। साथ ही युवाओं में साहस, अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्रसेवा के प्रति रुचि बढ़ाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास और प्रेस अधिकारी आलोक सिंह भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित