पटना, मार्च 15 -- बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने रविवार को कहा कि राज्यस्तरीय कृषि यांत्रिकरण मेला खेती को लाभकारी बनाने का सशक्त मंच बनकर उभरा है।
श्री यादव ने आज यहां आज गांधी मैदान, पटना में कृषि विभाग, बिहार एवं सीआईआई के सहयोग से आयोजित चार दिवसीय राज्यस्तरीय कृषि यांत्रिकरण मेला (एग्रो बिहार, 2026) के समापन समारोह को संबोधित करते हुये कहा कि यह मेला केवल एक प्रदर्शनी नहीं रहा, बल्कि खेती को आधुनिक, आसान, कम खर्चीली और ज्यादा लाभकारी बनाने का सशक्त मंच बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि वह विशेष रूप से बिहार सहित कई राज्यों से आए कृषि यंत्र निर्माताओं और प्रदर्शकों का हृदय से धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने अपने आधुनिक कृषि यंत्रों, तकनीकों और नवाचारों के माध्यम से किसानों को नई दिशा दिखायी।
कृषि मंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, नवाचार, ड्रोन, मशीनीकरण और किसान सशक्तिकरण को नई गति मिली है। वहीं बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में कृषि रोड मैप, सिंचाई, बीज, बागवानी, यांत्रिकरण और किसान हित की कई योजनाओं के जरिए खेती को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की स्पष्ट सोच है खेती में लागत कम हो, मेहनत कम हो, समय बचे, उत्पादन बढ़े और किसान की आमदनी मजबूत हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित