दरभंगा , अगस्त 17 -- राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने सोमवार को दरभंगा में निर्माणाधीन विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिये।श्री झा ने नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन, दिल्ली मोड़ स्थित निर्माणाधीन बस स्टैंड, मिथिला शोध संस्थान तथा एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य का बारी-बारी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं अभियंताओं से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, भौतिक प्रगति, निर्धारित समय-सीमा तथा निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जलारड्डी सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
राज्यसभा सांसद ने योजनावार कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दरभंगा में चल रही ये परियोजनाएं जिले के विकास और आम लोगों की सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। इनके पूरा होने से आवागमन, परिवहन, शिक्षा, शोध, पर्यटन समेत विभिन्न क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी।उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा निर्माण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने पर जोर दिया। साथ ही, कार्यों की नियमित निगरानी और प्रगति की सतत समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को सांसद द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजनाओं को पूरा कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों ने सांसद को विभिन्न परियोजनाओं की तकनीकी एवं भौतिक प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित