पटना, मार्च 06 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करने के बाद मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा के लिए शुक्रवार की शाम जनता दल यूनाइटेड (जदयू )विधायक दल की बैठक बुलाई है।

जदयू विधायक दल की बैठक राजधानी पटना में मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास 01, अणे मार्ग पर होगी, जिसमें पार्टी के सभी विधायक, विधान पार्षद, सांसद और वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। यह बैठक ऐसे समय में बुलाई गई है जब श्री कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाने के फैसले का विरोध पार्टी समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं का एक वर्ग कर रहा है।

जदयू के नेता और बिहार सरकार के परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने बैठक की जानकारी देते हुए पत्रकारों को बताया कि श्री कुमार ने पटना में जदयू के सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा कि जदयू विधायक दल की बैठक आज शाम शुरू होगी और इसमें सभी विधायक भाग लेंगे।

मंत्री श्री कुमार ने कहा कि बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा होगी, जिनमें वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रम पर पार्टी विधायकों के विचार भी शामिल हैं। जब उनसे पूछा गया कि राज्यसभा जाने के श्री कुमार के फैसले पर पार्टी में कार्यकर्ताओं कुछ वर्गों में नाराजगी है, तो उन्होंने कहा कि इस विषय पर भी बैठक में चर्चा हो सकती है। उन्होंने कहा कि बैठक के बाद चर्चा का विवरण मीडिया को बताया जाएगा। हालांकि मंत्री ने जदयू के भीतर श्री कुमार के इस कदम को लेकर आंतरिक विरोध की खबरों पर सीधे टिप्पणी करने से परहेज किया।

इस बीच पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में श्री कुमार के बाद जदयू विधायक दल के नेतृत्व का फैसला मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व ले सकता है।

उल्लेखनीय है कि ऐसी ही एक बैठक 2014 में उस समय हुई थी, जब जदयू को लोकसभा चुनाव में भारी पराजय का सामना करना पड़ा था और मुख्यमंत्री पद जीतन राम मांझी को सौंपने से पहले श्री कुमार ने इस फैसले पर पार्टी नेताओं से चर्चा की थी। उस समय भी कुछ नेताओं ने उनके इस्तीफे और मांझी को मुख्यमंत्री बनाने के फैसले का विरोध किया था।

आज की बैठक में श्री कुमार राज्यसभा सदस्य बनने के अपने फैसले के पीछे के कारणों को स्पष्ट कर सकते हैं और पार्टी नेताओं को यह समझाने की कोशिश कर सकते हैं कि यह कदम जदयू के दीर्घकालिक हित में है। साथ ही वह अपने बेटे निशांत कुमार की संभावित राजनीतिक एंट्री से संबंधित बाते भी पार्टी नेताओं से साझा करने के साथ इस संबंध में कोई घोषणा कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित