जयपुर , जून 05 -- राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए राजस्थान से कांग्रेस प्रत्याशी एवं सांसद नीरज डांगी ने शुक्रवार को यहां अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

श्री डांगी ने विधानसभा भवन में निर्वाचन अधिकारी को अपना नामांकन पत्र सौंपा। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विपक्ष के नेता टीकाराम जूली एवं कांग्रेस विधायक दल के मुख्य सचेतक रफीक खान सहित कांग्रेस के कई विधायक मौजूद थे।

कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाकर श्री डांगी पर फिर भरोसा जताया है।

राजस्थान में 18 जून को राज्यसभा की तीन सीटों के लिए हो रहे इस चुनाव में विधायकों के संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस के एक उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है, वहीं इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के दो प्रत्याशियों की जीत होना निश्चित है।

दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों कांग्रेस ने एक और भाजपा ने दो उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। अगर इनके अलावा किसी अन्य उम्मीदवार के अपना पर्चा नहीं भरने पर निर्धारित 18 जून को राज्यसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और इन तीनों उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस राज्य सभा सांसद नीरज डांगी, भाजपा राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत एवं रवनीत सिंह का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है। इसलिए इन तीनों सीटों पर यह चुनाव कराया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित