चेन्नई , मार्च 05 -- तमिलनाडु से राज्यसभा की छह सीटों के लिये गुरुवार को नामांकन के अंतिम दिन सभी छह उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल कर दिए। इनमें सत्तारूढ़ दल के चार और विपक्ष के दो उम्मीदवार शामिल हैं।

इन सीटों पर 16 मार्च को मतदान निर्धारित है, लेकिन नाै मार्च को नाम वापसी की अंतिम तिथि के बाद सभी छह उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचित घोषित होने की संभावना है। नामांकन पत्रों की जांच शुक्रवार को होगी।

सत्तारूढ़ मोर्चे की ओर से श्री एन. शिवा, प्रो. जे. कॉन्स्टेंटाइन रविंद्रन, श्री क्रिस्टोफर तिलक और श्री एल.के. सुदीश ने नामांकन दाखिल किया। इनमें श्री एन. शिवा लगातार छठी बार राज्यसभा पहुंचने जा रहे हैं, जो एक रिकॉर्ड होगा। श्री एल.के. सुदीश दिवंगत अभिनेता-राजनेता विजयकांत की पार्टी डीएमडीके के कोषाध्यक्ष हैं। उनके राज्यसभा पहुंचने के साथ ही पार्टी के गठन (2005) के लगभग दो दशक बाद पहली बार संसद के उच्च सदन में डीएमडीके का प्रतिनिधित्व होगा।

नामांकन के दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष एम.के. स्टालिन, लोकसभा सांसद कनिमोझी करुणानिधि, तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वपेरुंथगई सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

वहीं विपक्षी गठबंधन की ओर से वर्तमान सांसद एम. थंबीदुरई और पीएमके नेता अम्बुमणि रामदास ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पडी के. पलानीस्वामी और अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।

उम्मीदवारों के नामों की घोषणा बुधवार देर रात की गई थी। द्रमुक-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर अंतिम समय तक खींचतान चली थी क्योंकि कांग्रेस ने अधिक विधानसभा सीटों और दो राज्यसभा सीटों की मांग की थी।

बताया गया है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम के हस्तक्षेप के बाद दोनों दलों के बीच सहमति बनी और सीट बंटवारे पर समझौता हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित