रांची , जून 19 -- झारखंड राज्यसभा चुनाव के परिणाम को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के द्वारा दिए जा रहे बयानों के बीच झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी स्पष्ट करना चाहती है कि इंडिया गठबंधन की मजबूती, एकता और आपसी विश्वास हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने गठबंधन धर्म का पूरी निष्ठा के साथ पालन किया है और राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से प्रयास किया। चुनाव परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं आने से स्वाभाविक रूप से कई सवाल खड़े हुए हैं, लेकिन बिना किसी ठोस तथ्य और प्रमाण के किसी सहयोगी दल अथवा किसी नेता पर आरोप लगाना गठबंधन की भावना के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी राजू जी को लेकर भी कुछ राजनीतिक बयान दिए गए हैं, जो न केवल दुर्भाग्यपूर्ण हैं बल्कि तथ्यों से परे भी हैं। के. राजू ने हमेशा झारखंड में इंडिया गठबंधन को मजबूत करने, सहयोगी दलों के बीच समन्वय स्थापित करने और भाजपा के खिलाफ साझा संघर्ष को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। ऐसे में उन्हें राजनीतिक विवादों का केंद्र बनाने का प्रयास उचित नहीं है।
श्री मुंजनी ने कहा कि यदि किसी स्तर पर मतदान प्रक्रिया, क्रॉस वोटिंग अथवा चुनाव परिणाम को लेकर किसी दल को संदेह है, तो उसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आए और किसी भी प्रकार की भ्रांति समाप्त हो। जांच से पहले किसी व्यक्ति या दल को दोषी ठहराना न्यायसंगत नहीं माना जा सकता।
कांग्रेस पार्टी भाकपा माले, राजद, झामुमो एवं अन्य सहयोगी दलों के संघर्षों और योगदान का सम्मान करती है। आज आवश्यकता एक-दूसरे पर आरोप लगाने की नहीं, बल्कि भाजपा की विभाजनकारी राजनीति और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बढ़ते हमलों के खिलाफ विपक्षी एकता को और मजबूत करने की है।
झारखंड की जनता ने इंडिया गठबंधन को जनहित, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और संविधान की रक्षा के लिए जनादेश दिया है। इस जनादेश का सम्मान करते हुए सभी सहयोगी दलों को संयमित भाषा, आपसी विश्वास और राजनीतिक परिपक्वता का परिचय देना चाहिए।
कांग्रेस आशा करती है कि सभी सहयोगी दल तथ्यों और मर्यादा के आधार पर अपनी बात रखेंगे तथा गठबंधन की एकता और जनता के विश्वास को मजबूत करने का कार्य करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित