रांची , जून 07 -- झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

इसी क्रम में रविवार को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक भुपेश बघेल और अजय शर्मा ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान राज्यसभा चुनाव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक में गठबंधन की चुनावी रणनीति, सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय तथा वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर गहन मंथन हुआ। नेताओं ने राज्यसभा चुनाव में गठबंधन की जीत सुनिश्चित करने के लिए संभावित चुनौतियों और अवसरों पर भी विचार-विमर्श किया।

बैठक के दौरान चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए आगे की रणनीति को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। नेताओं ने गठबंधन के सभी घटक दलों के बीच तालमेल को और मजबूत बनाने तथा चुनावी प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही बदलते राजनीतिक परिदृश्य के अनुरूप साझा रणनीति तैयार करने पर सहमति बनी।

चर्चा के दौरान चुनावी गणित, विधायकों के बीच समन्वय और संगठनात्मक तैयारियों जैसे विषय भी प्रमुखता से उठे। गठबंधन के भीतर एकजुटता बनाए रखने और सभी सहयोगी दलों को साथ लेकर आगे बढ़ने की रणनीति पर विशेष ध्यान दिया गया।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार आगामी राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है। बैठक से संकेत मिलता है कि गठबंधन के दल चुनावी तैयारियों को लेकर पूरी तरह सक्रिय हैं और दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक स्तर पर काम शुरू कर चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित