पटना , मार्च 15 -- बिहार सरकार के मंत्री तथा प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उपाध्यक्ष डॉ. प्रमोद चन्द्रवंशी ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में विपक्ष के पास जरूरी समर्थन की कमी है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बिहार की सभी पांच राज्यसभा सीटों पर धमाकेदार जीत हासिल करेगा।

श्री चन्द्रवंशी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कि उनके पास आवश्यक विधायकों का समर्थन नहीं है और उन्होंने जेब देख कर चुनाव में उम्मीदवार को खड़ा किया है। यदि ऐसा नहीं होता और उन्हें जीत की उम्मीद होती तो उनके परिवार का ही कोई सदस्य उम्मीदवार होता।

मंत्री ने कहा कि तेजस्वी का बड़बोलापन उन्हें अपने पिता लालू प्रसाद यादव से विरासत में मिला है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले ही अपनी शपथ ग्रहण की तारीख घोषित कर दी थी और उनकी यह डींग टांय टांय फिस्स हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित