नयी दिल्ली , जून 08 -- राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने तृणमूल कांग्रेस के सदस्य सुखेंदु शेखर रॉय का सदन की सदस्यता से त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है। उन्होंने सोमवार को ही अपना त्यागपत्र सौंपा था।

राज्यसभा सचिवालय द्वारा जारी एक बुलेटिन के अनुसार श्री रॉय का त्यागपत्र आज से ही स्वीकार कर लिया गया है। साथ ही उनकी सीट रिक्त घोषित कर दी गयी है। वह पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के सदस्य थे।

इससे पूर्व श्री रॉय ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा था कि उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के साथ साथ राज्यसभा की सदस्यता से भी त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के मतदाताओं ने 15 वर्ष से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस को भ्रष्टाचार, महिलाओं के खिलाफ हिंसा , शिक्षा, स्वास्थ्य , उद्योग, रोजगार और कानून व्यवस्था सहित सभी क्षेत्रों में बुरी तरह नाकाम रहने पर सत्ता से बाहर कर दिया है। पश्चिम बंगाल के इतिहास में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ी संख्या में सीटें जीती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित