जयपुर , मई 29 -- राजस्थान में राज्य सभा के द्विवार्षिक निर्वाचन की प्रक्रिया सोमवार से आरम्भ होगी।
राज्य सभा के लिए राजस्थान विधानसभा के निर्वाचित सदस्यों द्वारा द्विवार्षिक निर्वाचन के चुनाव अधिकारी भारत भूषण शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि राज्य में राज्य सभा के तीन सदस्यों का निर्वाचन होना है। राज्य सभा के निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन आठ जून तक किये जा सकेंगे। राज्य सभा द्विवार्षिक निर्वाचन के लिए विधानसभा में कक्ष संख्या 112 आवंटित किया गया है।
श्री शर्मा ने बताया कि नाम निर्देशन पत्र राजस्थान विधानसभा के कक्ष संख्या 106 में चुनाव अधिकारी के समक्ष अभ्यर्थी या उसके किसी प्रस्थापक द्वारा पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक सौंपे जायेंगे। उन्होंने बताया कि नाम निर्देशन पत्रों की जांच राजस्थान विधानसभा भवन के भूतल स्थित कक्ष संख्या 751 में नौ जून को दोपहर डेढ़ बजे की जायेगी। ग्यारह जून को अपराह्न तीन बजे तक नाम वापस लिये जा सकेंगे।
श्री शर्मा ने बताया कि मतदान होने की स्थिति में 18 जून को प्रातः नौ बजे से सायं चार बजे तक मतदान होगा और इसी दिन सायं पांच बजे मतगणना की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित