रांची , जून 05 -- झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर कहा है कि पार्टी कार्यकर्ताओं की भावना है कि दोनों सीटों पर झामुमो के उम्मीदवार ही चुनाव लड़ें।

श्री भट्टाचार्य ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी नेतृत्व को इस भावना का सम्मान करते हुए जल्द निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि 18 जून को झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव के लिए मतदान होना है। हालांकि राज्यसभा चुनाव में मतदान होना अनिवार्य नहीं होता। यदि सीटों की संख्या के बराबर उम्मीदवार मैदान में हों तो चुनाव निर्विरोध भी संपन्न हो सकता है। लेकिन यदि उम्मीदवारों की संख्या अधिक होती है, तब मतदान की स्थिति बनती है।

श्री भट्टाचार्य ने राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड विधानसभा में कुल 81 सदस्य हैं। राज्यसभा चुनाव के लिए आवश्यक मतों की गणना के अनुसार एक उम्मीदवार की जीत के लिए 28 विधायकों का समर्थन पर्याप्त होता है। वर्तमान में महागठबंधन के पास 56 विधायक हैं, जिनमें झामुमो, कांग्रेस, राजद और वाम दलों के सदस्य शामिल हैं। ऐसे में गठबंधन दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवारों को विजयी बनाने की स्थिति में है।

श्री भट्टाचार्य ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव हेमंत सोरेन के नेतृत्व में लड़े गए थे। लोकसभा में गठबंधन को पांच सीटें मिलीं और विधानसभा चुनाव में 56 सीटों के साथ सरकार बनी। उन्होंने कहा कि आगामी राज्यसभा चुनाव भी हेमंत सोरेन के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

श्री भट्टाचार्य ने कहा कि झामुमो कार्यकर्ताओं और नेताओं की राय है कि पार्टी ने गठबंधन धर्म का लगातार पालन किया है। इसके बावजूद विधानसभा चुनाव में अन्य राज्यों में सहयोगी दलों की ओर से झामुमो को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिला। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि इस बार राज्यसभा की दोनों सीटें झामुमो के खाते में जाएं।

श्री भट्टाचार्य ने बताया कि पार्टी नेताओं ने केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन से आग्रह किया है कि नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून से पहले सभी पहलुओं की समीक्षा कर निर्णय लें। उन्होंने कहा कि झामुमो कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और चुनावी सफलता दिलाने के लिए कड़ी मेहनत की है, इसलिए उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी नेतृत्व समय रहते उचित फैसला करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित