हैदराबाद , अप्रैल 25 -- तेलंगाना में राज्यपाल कोटे के तहत विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) नामांकन का लंबे समय से लंबित मुद्दा सुलझ गया है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने मोहम्मद अजहरुद्दीन और एम. कोदंडा राम की उम्मीदवारी को अपनी मंजूरी दे दी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल ने उनके नामांकन से संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर कर दिये हैं और जल्द ही इस संबंध में एक राजपत्र अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है। यह मामला पिछले लगभग तीन वर्षों से अनसुलझा था, जिसके कारण राज्य में राजनीतिक अनिश्चितता बनी हुई थी।
यह निर्णय विशेष रूप से पूर्व क्रिकेटर और अब राजनेता बने मोहम्मद अजहरुद्दीन के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। अगर उन्हें इस महीने के अंत तक एमएलसी के रूप में निर्वाचित या मनोनीत नहीं किया जाता, तो उनके मंत्री पद पर बने रहने पर संकट आ सकता था। राज्यपाल की मंजूरी के बाद अब कैबिनेट में उनकास्थान सुरक्षित हो गया है।
सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हाल ही में राज्यपाल से मुलाकात कर लंबित नामांकनों पर जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया था। इन नामांकनों को मंजूरी मिलने के साथ ही राज्यपाल कोटे की एमएलसीसीटों को लेकर चल रहा विवाद समाप्त होने की उम्मीद है और इससे राज्य की राजनीति में स्पष्टता आएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित