बैतूल , मई 13 -- मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल के 21 मई को प्रस्तावित भीमपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने अधिकारियों के साथ भीमपुर स्थित पुलिस थाना ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राज्यपाल के आगमन से लेकर कार्यक्रम के समापन तक सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर अव्यवस्था न हो तथा सभी विभाग समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
कार्यक्रम के तहत राज्यपाल विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन करेंगे। इसके अलावा वे स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करेंगे, हितग्राहियों से संवाद करेंगे तथा जिले में संचालित नवाचार गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
कलेक्टर ने मंच व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा अतिथियों के आगमन और निर्गमन की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने आम नागरिकों के लिए बैठक व्यवस्था, शीतल पेयजल, छाया तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रस्तावित हेलीपेड स्थल का भी अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर डॉ. मनोज हुरमाड़े, अजीत मरावी, इंदिरा महतो, गौतम अधिकारी तथा विवेक पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित