नैनीताल , मई 18 -- उत्तराखंड के नैनीताल दौरे पर आये राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने सोमवार को मां नयना देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और गुरुद्वारा में मत्था टेका।
महामहिम राज्यपाल आजकल सरोवर नगरी नैनीताल के दौरे पर आये हैं। उन्होंने आज मां नयना देवी मंदिर पहुंच कर पूजा अर्चना की। मंदिर में दर्शन के पश्चात राज्यपाल गुरुद्वारा साहिब गये और मत्था टेककर अरदास की। उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी से बात की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मां नैना देवी मंदिर में दर्शन करने पर उन्हें एक विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शांति का अनुभव होता है। जब भी वे यहाँ आते हैं, एक अलग प्रकार का आशीर्वाद और आत्मिक आनंद प्राप्त होता है। राज्यपाल ने कहा कि नैनीताल झील के समीप स्थित गुरुद्वारा साहिब पवित्र स्थल सुंदरता और आध्यात्मिक वातावरण के लिए विशेष महत्व रखता है।
उन्होंने कहा कि इन दोनों पवित्र स्थलों पर आकर उनकी आत्मा ऊर्जा से भर जाती है तथा आध्यात्मिक रूप से नई प्रेरणा प्राप्त होती है। उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिदृश्य पर बात करते हुए कहा कि भारत की भूमिका ऐसे में अहम हो जाती है और वह अपने अध्यात्म और ज्ञान से विश्व को रास्ता दिखा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित