पटना , जून 29 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने सोमवार को बिहार लोक भवन परिसर स्थित राजकीय औषधालय भवन के विस्तार तथा इसकी आधारभूत संरचना एवं सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

श्री हसनैन ने आज लोक भवन परिसर स्थित राजकीय औषधालय का भ्रमण कर वहाँ की कार्यप्रणाली तथा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया और जरूरी जानकारी प्राप्त की।

राज्यपाल ने इसके उपरांत लोक भवन परिसर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की राजभवन शाखा का भ्रमण किया। उन्होंने ग्राहकों से संवाद करते हुए उन्हें डिजिटल बैंकिंग सेवाओं एवं डिजिटल लेन-देन की प्रक्रियाओं की जानकारी रखने तथा उनका अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बैंककर्मियों को आवश्यकता पड़ने पर ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग अपनाने में सक्रिय रूप से सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान करना चाहिए। उन्होंने बैंक में समुचित एवं सुदृढ़ अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने पर भी जोर दिया।

राज्यपाल ने इसके पश्चात लोक भवन परिसर स्थित डाकघर का भी भ्रमण किया और वहाँ की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर राजकीय औषधालय के चिकित्सकगण एवं कर्मीगण, भारतीय स्टेट बैंक की राजभवन शाखा की मुख्य प्रबंधक एवं अन्य सभी बैंककर्मी, डाकघर के पदाधिकारी एवं कर्मीगण तथा राज्यपाल सचिवालय के पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित