पटना , जुलाई 21 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने मंगलवार को दानापुर कैंट में बिहार कृषि विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित 'ऑपरेशन सिंदूर पौधारोपण अभियान' में भाग लिया।

श्री हसनैन ने इस अवसर पर सिंदूर का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और ऑपरेशन सिंदूर की भावना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

राज्यपाल ने वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम सिविल-मिलिट्री फ्यूजन का एक अच्छा उदाहरण है, जिसमें सेना, नागरिक समाज और शैक्षणिक संस्थान एक साथ मिलकर राष्ट्रहित में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने ऐतिहासिक चर्च परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम और ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर 350 सिंदूर पौधे लगाने की पहल को एक प्रेरणादायक और प्रतीकात्मक कदम बताया।

श्री हसनैन ने कहा कि प्रतीक (सिम्बॉलिज्म) किसी भी राष्ट्र और समाज का मनोबल बढ़ाने तथा इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं को याद रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का उल्लेख करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत के दृढ़ संकल्प, सामर्थ्य और संयमित जवाब का प्रतीक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इससे क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा मिलेगा।

राज्यपाल ने सुझाव दिया कि इस पौधारोपण स्थल पर प्रतिवर्ष ऑपरेशन सिंदूर की स्मृति में कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ, ताकि नई पीढ़ी राष्ट्र के इतिहास और बलिदान से प्रेरणा ले सके। उन्होंने कहा कि सेना और नागरिक समाज के बीच ऐसे कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित