पटना , अगस्त 14 -- बिहार के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने बिहार लोक भवन में जय प्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की।
श्री हसनैन ने इस दौरान सभी विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए मनोवैज्ञानिक परामर्श की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा एंटी रैगिंग एवं एंटी बुलिंग सेल के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, स्वस्थ एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों के पुस्तकालयों में ई-बुक्स के अतिरिक्त पर्याप्त संख्या में किताबें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन एवं पेंशन का समय पर भुगतान, शैक्षणिक सत्र को नियमित रखने और विद्यार्थियों को समय पर डिग्री देने को भी प्राथमिकता देने को कहा।
श्री हसनैन ने विश्वविद्यालयों के पुस्तकालयों में ई-बुक्स के साथ पर्याप्त संख्या में भौतिक पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिए। साथ ही, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन तथा पेंशन का ससमय भुगतान, शैक्षणिक सत्रों को नियमित रखने और विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर डिग्री उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
इस बैठक में लाइब्रेरियन, सहायक लाइब्रेरियन और लाइब्रेरी असिस्टेंट की नियुक्ति, समर्थ पोर्टल के बेहतर इस्तेमाल तथा खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
कुलपति प्रो॰ परमेन्द्र कुमार बाजपेयी ने राज्यपाल को विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने मानव संसाधन, आधारभूत सुविधाओं, केंद्रीय पुस्तकालय, अध्ययन केंद्रों, शोध एवं विकास, विद्यार्थियों के प्लेसमेंट, वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल व्यवस्था और ई-गवर्नेंस, एनएसएस, एनसीसी तथा हैप्पीनेस इंडेक्स आदि के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, जय प्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा एवं राज्यपाल सचिवालय के पदाधिकारीगण तथा अन्य लोग उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित