रायपुर , फरवरी 23 -- छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने आज छठी विधानसभा के आंठवे सत्र को संबोधित करते हुए वर्ष 2047 तक राज्य को "विकसित छत्तीसगढ़" बनाने की व्यापक कार्ययोजना प्रस्तुत की। राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर दिए गए अपने अभिभाषण में उन्होंने समावेशी विकास, कृषि समृद्धि, महिला सशक्तिकरण, जनजातीय उत्थान, औद्योगिक विस्तार और नक्सल उन्मूलन को राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं के रूप में रेखांकित किया।
विधानसभा पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने राज्यपाल का स्वागत किया। राज्यपाल ने बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राज्य के नए विधानसभा भवन के लोकार्पण का उल्लेख करते हुए इसे लोकतंत्र का "नया मंदिर" बताया।
राज्यपाल ने बताया कि इस वर्ष 25.24 लाख किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान समर्थन मूल्य पर खरीदा गया, जिसके एवज में 33,431 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। 'कृषक उन्नति योजना' के तहत होली से पूर्व 10,292 करोड़ रुपये किसानों को दिए जाएंगे। 24.72 लाख किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से लाभान्वित हो रहे हैं, जबकि 5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को 'दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना' के तहत वार्षिक 10,000 रुपये दिए जा रहे हैं।
दो वर्षों में 21 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए गए हैं। दलहन और तिलहन उत्पादन के लिए अनुदान में वृद्धि की गई है। धान के स्थान पर अन्य फसलों को बढ़ावा देने के लिए प्रति एकड़ 11 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। प्रदेश में 38 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में जैविक खेती हो रही है।
श्री डेका ने बताया कि राज्य में सिंचाई क्षमता में दो वर्षों में 25 हजार हेक्टेयर की वृद्धि हुई है और कुल विकसित सिंचाई क्षमता 21.76 लाख हेक्टेयर पहुंच गई है।
राज्यपाल ने वर्ष 2026 को 'महतारी गौरव वर्ष' के रूप में मनाने की घोषणा का उल्लेख करते हुए कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि 'महतारी वंदन योजना' के तहत लगभग 69 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं। अब तक 24 किश्तों में 15,596 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए जा चुके हैं।
फरवरी 2026 में 'मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना' के अंतर्गत 6,412 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान मिला। इनमें आत्मसमर्पित नक्सलियों के 6 जोड़े भी शामिल थे।
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में 532 माओवादी न्यूट्रलाइज किए गए, 2,704 ने आत्मसमर्पण किया और 2,004 गिरफ्तार किए गए। 'नियद नेल्ला नार योजना' के माध्यम से माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में 17 विभागों द्वारा 25 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। 728 मोबाइल टॉवर चालू किए गए और 449 को 4जी में अपग्रेड किया गया। नए स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत किए गए तथा 11 हजार से अधिक बच्चों और महिलाओं का टीकाकरण किया गया। उन्होंने कहा, "जहां आतंक का साया हटता है, वहां विकास का उजाला फैलता है।"श्री डेका ने कहा कि प्रदेश में 4.83 लाख से अधिक व्यक्तिगत वनाधिकार पत्र जारी किए जा चुके हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण मूल्य 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कोसमबुडा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान और 1 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिला। राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में जनजातीय विद्यार्थियों ने 162 पदक जीते। उन्होंने बताया कि बस्तर पंडुम महोत्सव में इस वर्ष 54,745 कलाकारों ने भाग लिया। राष्ट्रपति ने उद्घाटन किया और केंद्रीय गृहमंत्री ने समापन समारोह में हिस्सा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित