रायपुर, 14 अगस्त 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने शुक्रवार को यहां 12 वर्षीय छात्र दिव्यांश सुल्तानिया की पुस्तक 'थॉट्स अबाउट गॉड' का विमोचन किया और कम उम्र में गंभीर एवं विचारपरक विषय पर लेखन के उनके प्रयास की सराहना की।

दिव्यांश ने अपने दादा की प्रेरणा से इसे लिखा है। पुस्तक में एक युवा छात्र के नजरिये से ईश्वर और आध्यात्मिकता से जुड़े विचारों, सवालों और उसकी अपनी समझ को सहज रूप में पेश किया गया है।

राज्यपाल ने दिव्यांश के रचनात्मक प्रयास की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर श्री डेका ने दिव्यांश की दूसरी पुस्तक 'फ्रॉम पॉकेट मनी टू पोर्टफोलियो' के कवर का भी विमोचन किया। यह पुस्तक बच्चों और युवाओं में कम उम्र से ही बचत, निवेश और वित्तीय जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से लिखी जा रही है। इसमें गुल्लक के माध्यम से बचत की आदत विकसित करने और बचायी राशि के उचित निवेश की अवधारणा को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से प्रस्तुत किया जायेगा।

राज्यपाल ने कहा कि बच्चों में पढ़ने, लिखने और नये विषयों पर विचार करने की आदत उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने दिव्यांश को अपनी जिज्ञासा, रचनात्मकता और सीखने की ललक को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

इस मौके पर दिव्यांश के पिता सुधीर सुल्तानिया, माता सरिता सुल्तानिया सहित अन्य परिजन उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित