चंडीगढ़ , अगस्त 15 -- हरियाणा के राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया। राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने यमुनानगर में ध्वजारोहण किया। यमुनानगर और पानीपत में आज सुबह से बारिश के बावजूद परेड आयोजित की गई। भिवानी में बारिश के कारण भीम स्टेडियम के मैदान में पानी भर गया, जिसके चलते कार्यक्रम स्थल बदलकर हॉल में किया गया। बंद स्थान पर कार्यक्रम होने से उमस के कारण लोगों को परेशानी हुई।
मुख्यमंत्री श्री सैनी ने प्रदेश के नए जिले हांसी में ध्वजारोहण किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोहों में कांग्रेस से बागी हुए पांच विधायकों की भी ड्यूटी लगाई गई है। इनमें रतिया में जरनैल सिंह, हथीन में मोहम्मद इसराइल, पुन्हाना में मोहम्मद इलियास, नारायणगढ़ में शैली चौधरी और बिलासपुर में रेणु बाला शामिल हैं।
इस बीच हरियाणा पुलिस के 11 अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस पदक के लिए चुना गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची के अनुसार राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की सब-इंस्पेक्टर सुशीला कौशिक को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक दिया जाएगा। वहीं IPS नाजनीन भसीन, डीएसपी जितेश मल्होत्रा समेत 10 अधिकारियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री सैनी के ध्वजारोहण कार्यक्रम से पहले ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हो गया। इस दौरान लाठीचार्ज और पथराव हुआ। पथराव में हांसी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और एक पुलिस उपाधीक्षक के घायल होने की भी सूचना है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने कार्यक्रम स्थल पर कड़ी व्यवस्था की और कई लोगों को अंदर जाने से रोक दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित