देहरादून/नयी दिल्ली , जुलाई, 14 -- उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह(से नि) से मंगलवार को नयी दिल्ली में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ(सीडीएस) जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर दोनों के मध्य राष्ट्रीय सुरक्षा तथा समसामयिक रणनीतिक विषयों पर विस्तृत और सार्थक विचार-विमर्श हुआ। इसके अलावा, राष्ट्रीय सैनिक संस्था, तेलंगाना राज्य के अध्यक्ष सेवानिवृत्त मेजर जनरल एन. श्रीनिवास राव से भी शिष्टाचार भेंट हुई।
राज्यपाल ने जनरल सुब्रमणि को सीडीएस का दायित्व संभालने पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि सीडीएस जनरल सुब्रमणि के कुशल नेतृत्व, समृद्ध सैन्य अनुभव और दूरदर्शी दृष्टिकोण में भारतीय सशस्त्र बल राष्ट्र की सुरक्षा एवं गौरव की परंपरा को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाएगा।
इसके बाद, राज्यपाल से एन. श्रीनिवास राव एवं अनुराधा राव ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मेजर जनरल राव ने हैदराबाद एवं दक्षिण भारत में संस्था द्वारा संचालित वेटरन्स वेलफेयर गतिविधियों, वीर नारियों एवं वीर माताओं के कल्याण, दिव्यांग सैनिकों की सहायता तथा सैन्य जीवन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित