देहरादून , अक्तूबर 01 -- उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) से गुरुवार को लोक भवन में राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने राज्यपाल को नागर स्थानीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2024-25 का प्रतिवेदन एवं कॉफी टेबल बुक भेंट की।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने राज्यपाल को प्रतिवेदन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इसमें नगर निकाय सामान्य निर्वाचन से संबंधित विस्तृत आंकड़े एवं विश्लेषण शामिल हैं जबकि कॉफी टेबल बुक में निर्वाचन प्रक्रिया के साथ-साथ जनभागीदारी और निर्वाचन ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, विश्वास और प्रतिबद्धता को भी विशेष रूप से दर्शाया गया है। इसमें उत्तराखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों की तस्वीरों के माध्यम से स्थानीय निकाय निर्वाचन की व्यापकता और विविधता को प्रस्तुत किया गया है।

राज्यपाल ने प्रतिवेदन एवं कॉफी टेबल बुक की सराहना करते हुए कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र की आधारभूत प्रक्रिया है और इसमें मतदाताओं के साथ-साथ निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के दस्तावेज निर्वाचन प्रक्रिया के अनुभवों, आंकड़ों और जनभागीदारी को संरक्षित करने में उपयोगी सिद्ध होते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित