चंडीगढ़ , अगस्त 05 -- पंजाब के राज्यपाल एवं केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर एवं स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान के कैरन प्रशासनिक ब्लॉक परिसर में बुधवार को 110 फीट ऊंचे स्मारकीय राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया।

राष्ट्रगान के बीच तिरंगा फहराए जाने के साथ समारोह में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर पीजीआईएमईआर के निदेशक प्रो. विवेक लाल, वरिष्ठ अधिकारी, फैकल्टी सदस्य, कर्मचारी और छात्र उपस्थित रहे।

श्री कटारिया ने कहा कि पीजीआईएमईआर देश की स्वास्थ्य सेवाओं का गौरव है और यहां लगाया गया 110 फीट ऊंचा तिरंगा न केवल संस्थान बल्कि पूरे देश के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत ही नहीं, देशभर के मरीज इस संस्थान पर भरोसा करते हैं और यही इसकी सबसे बड़ी पहचान है। अंगदान, प्रत्यारोपण और चिकित्सा अनुसंधान में पीजीआईएमईआर की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि संस्थान लगातार देश का नाम रोशन कर रहा है।

उन्होंने कहा कि तिरंगे के केसरिया, सफेद और हरे रंग त्याग, शांति और प्रगति का संदेश देते हैं, जिन मूल्यों को पीजीआईएमईआर के डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्यकर्मी अपनी सेवाओं के माध्यम से साकार करते हैं। उन्होंने सारथी पहल, एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर और आगामी मदर एंड चाइल्ड सेंटर जैसी परियोजनाओं की भी प्रशंसा की।

पीजीआईएमईआर के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने कहा कि स्मारकीय राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता और राष्ट्रसेवा का स्थायी प्रतीक रहेगा। उन्होंने बताया कि संस्थान आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण उपचार और शोध के माध्यम से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए लगातार प्रयासरत है। समारोह का समापन धन्यवाद प्रस्ताव और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित