कानपुर , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को कानपुर नगर के स्वरूप नगर स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका), यूनिट-1 का भ्रमण कर वहां रह रही बालिकाओं से संवाद किया। उन्होंने बालिकाओं की समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान और कौशल प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने बालिकाओं को शिक्षा के साथ विभिन्न कौशल सीखने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
संवाद के दौरान बालिकाओं ने स्वच्छता, आरओ के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सहित अन्य समस्याओं से राज्यपाल को अवगत कराया। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने बालिकाओं से उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, रुचियों और सीख रही गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए, ताकि उनकी प्रतिभा निखरे और वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें। उन्होंने बालिकाओं को अनुशासन में रहने, अच्छे संस्कार अपनाने, मन लगाकर पढ़ाई करने और निरंतर नई चीजें सीखने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
बालिकाओं ने आत्मनिर्भर बनने के लिए ब्यूटी पार्लर, जूडो-कराटे और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण देने का अनुरोध किया। राज्यपाल ने उनकी रुचियों और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण की व्यवस्था के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं को नियमित स्कूली शिक्षा से जोड़ने के साथ उनके कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। बाल गृह में ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, जिनसे बालिकाओं का आत्मविश्वास बढ़े और वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें।
संवाद के दौरान बालिकाओं ने जन भवन और वाटर पार्क का भ्रमण करने की इच्छा जताई। इस पर राज्यपाल ने संबंधित अधिकारियों को उनके भ्रमण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बालिकाओं को जन भवन में संचालित सकारात्मक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों से भी परिचित कराने को कहा।
इस अवसर पर राज्यपाल ने बालिकाओं को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर महापौर प्रमिला पांडेय, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता तथा हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. समशेर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित